कार एक्सीडेंट से शक्ति कपूर को मिली 'कुर्बानी', गुस्से में फिरोज खान को अपशब्द बोल गए थे 'क्राइम मास्टर गोगो'

अंदाज अपना-अपना के विलेन क्राइम मास्टर गोगो के रूप में शक्ति कपूर को काफी पहचान मिली। लेकिन इससे पहले वह 1980 में आई फिरोज खान की फिल्म कुर्बानी में खलनायक विक्रम सिंह का किरदार निभा चुके थे। आइए जानते हैं कि कैसे एक कार एक्सीडेंट की वजह से शक्ति को फिरोज की फिल्म में एंट्री मिली थी।

स्टोरी हाइलाइट्स
  • कार एक्सीडेंट से चमकी किस्मत

अंदाज अपना-अपना के विलेन क्राइम मास्टर गोगो के रूप में शक्ति कपूर को काफी पहचान मिली। लेकिन इससे पहले वह 1980 में आई फिरोज खान की फिल्म कुर्बानी में खलनायक विक्रम सिंह का किरदार निभा चुके थे। आइए जानते हैं कि कैसे एक कार एक्सीडेंट की वजह से शक्ति को फिरोज की फिल्म में एंट्री मिली थी।


शक्ति कपूर अपनी फिएट कार में मुंबई के लिंक रोड से जा रहे थे, क्योंकि वह संघर्ष के दौर में किसी को अपना पोर्टफोलियो देने जा रहे थे। तभी पीछे से एक तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उनकी कार में टक्कर मार दी। गुस्से में शक्ति अपनी गाड़ी से उतरे और सामने वाले को अपशब्द बोलने लगे। लेकिन जब उन्होंने देखा कि मर्सिडीज में से विनोद खन्ना और फिरोज खान बाहर आ रहे हैं, तो वह हैरान रह गए। इसके बाद क्या हुआ, आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं।


कार एक्सीडेंट से चमकी किस्मत

शक्ति कपूर ने राजा बाबू के नंदू से लेकर अंदाज अपना-अपना के क्राइम मास्टर गोगो तक, हर किरदार में अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवाया है। 71 वर्षीय शक्ति कपूर को फिरोज खान की फिल्म कुर्बानी में विलेन विक्रम सिंह के किरदार के लिए भी जाना जाता है। यह रोल उन्हें एक कार एक्सीडेंट की वजह से मिला था।


जब मुंबई के लिंक रोड पर शक्ति कपूर और फिरोज खान की कारें आपस में टकरा गईं, तो शक्ति ने गुस्सा छोड़कर फिरोज खान को अपना परिचय दिया और बताया कि वह पुणे फिल्म संस्थान से पढ़े हैं और काम की तलाश में हैं। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ में शक्ति की आवाज गुम हो गई।


कुछ दिन बाद शक्ति, एक्ट्रेस डेजी ईरानी के घर पहुंचे, जो उन्हें अपना मुंहबोला भाई मानती थीं। डेजी के पति के.के. शुक्ला मशहूर फिल्म लेखक थे और उस वक्त फिरोज खान की कुर्बानी की कहानी लिख रहे थे। उन्होंने शक्ति से कहा कि मैं एक मूवी लिख रहा हूं, लेकिन उसमें तेरा रोल मुश्किल होगा, क्योंकि फिरोज साहब को उस व्यक्ति की तलाश है जिसकी कार से उनका एक्सीडेंट हुआ था।


शक्ति ने फौरन बताया कि वह शख्स वही हैं और उनकी ही फिएट कार से फिरोज खान की मर्सिडीज टकराई थी। इसके बाद के.के. शुक्ला ने फिरोज खान को कॉल कर के शक्ति कपूर के बारे में जानकारी दी और इस तरह से एक कार एक्सीडेंट की वजह से शक्ति को 1980 में शानदार फिल्म कुर्बानी में एंट्री मिली। इस फिल्म में शक्ति कपूर के अलावा विनोद खन्ना और जीनत अमान जैसे बड़े कलाकार भी थे।


फिरोज खान के साथ शक्ति कपूर ने कुर्बानी के बाद कच्चे हीरे, जांबाज और दो वक्त की रोटी जैसी फिल्मों में भी काम किया। उस दौर में नेगेटिव रोल में शक्ति कपूर का कोई मुकाबला नहीं था।